पौड़ी, 16 जून (वेब वार्ता)। जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा हेतु अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ. आर. चौहान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 17 जून तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण हर हाल में पूरा किया जाए।
अपर जिलाधिकारी चौहान ने कहा कि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से उन मतदान केंद्रों और विधानसभा क्षेत्रों पर ध्यान देने को कहा जहां प्रगति अपेक्षाकृत कम है। ऐसे क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपद के सभी उप जिलाधिकारी, जो निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे हैं, तहसीलदार (सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान विधानसभा क्षेत्रवार एसआईआर कार्यक्रम की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और प्रत्येक स्तर पर कार्य की स्थिति का आकलन किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणना प्रपत्रों का वितरण निर्धारित समय के भीतर पूर्ण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में लक्ष्य के अनुसार प्रगति नहीं हो रही है, वहां विशेष टीमों का गठन कर अभियान को गति दी जाए।
इसके साथ ही बैठक में बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन बूथों पर अभी तक डिजिटाइजेशन कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां इसे तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रपत्र वितरण और डिजिटाइजेशन दोनों कार्यों को समान रूप से आगे बढ़ाना जरूरी है, ताकि संपूर्ण प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
उन्होंने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएं, कार्य की सतत निगरानी रखी जाए और आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध तरीके से पूरा कर एक सटीक एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सके।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांतिलाल शाह सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे और उन्होंने भी प्रगति रिपोर्ट साझा की।



