पौड़ी गढ़वाल, 19 जून। जय कंडोलिया महोत्सव पौड़ी की चौथी सांस्कृतिक संध्या लोकगायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रही। प्रसिद्ध गढ़वाली लोकगायक एवं गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी और उनके साथी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने रामलीला मैदान में मौजूद हजारों दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध किए रखा। कार्यक्रम में लोकसंगीत, नृत्य और भावनात्मक प्रस्तुतियों का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने दर्शकों को कभी झूमने पर मजबूर किया तो कभी भावुक कर दिया।
चौथी सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी की सचिव नाजिश कलीम ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध लोक परंपराओं और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए नगर पालिका प्रशासन और आयोजन समिति की सराहना भी की।
कार्यक्रम की शुरुआत नरेंद्र सिंह नेगी ने कंडोलिया बाबा की स्तुति ‘जाग जा कंडोलिया बाबा जाग जा’ से की। इसके बाद प्रस्तुत किए गए लोकगीतों और नृत्य कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को उत्साह और उल्लास से भर दिया। ‘कौथिग देखि ओला ढिंग तालों’ गीत पर प्रस्तुत नृत्य ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया, जबकि ‘ओ हो मार गे तेरी करली नजर मार गे’ गीत पर युवाओं ने जमकर तालियां बजाईं और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
संध्या के दौरान नवोदित गायिका अंजलि खरे और नरेंद्र सिंह नेगी के युगल गीत ‘रुआं धुवां सी फ्वले ग्यो तुमरी माया मा’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया। वहीं अंजलि खरे की एकल प्रस्तुति ‘ब्यखुनी कु घाम अछले बि नि छ’ पर भी दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहना की। पर्यावरण और प्रकृति की सुंदरता को दर्शाने वाले गीत ‘मालु ग्वीरालु का बीच खिलीं सकनी अहा’ पर प्रस्तुत नृत्य ने भी खूब वाहवाही बटोरी।
नवोदित गायिका प्रतीक्षा बमराडा ने ‘ऐगे चौ दिशा मूल्यार’ और ‘फ्यूंली ज्वान ह्वेगे’ जैसे गीतों से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। लोकगायक अनिल बिष्ट ने ‘लगेगी बाजार की हवा मेरी प्यारी लछिमा की’ और ‘चल बैजरों का सैणा’ जैसे लोकप्रिय गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब नरेंद्र सिंह नेगी ने दिवंगत अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विशेष गीत प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति के दौरान पूरा माहौल भावुक हो उठा और दर्शकों ने खड़े होकर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का संचालन सतेंद्र रावत, वीरेंद्र खंकरियाल और गणेश खुगशाल ‘गणी’ ने किया। इस अवसर पर चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराडा, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल महेश बलूनी, अधिवक्ता गजेंद्र सिंह रावत, पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, व्यापार सभा अध्यक्ष विनय शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।



