Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा सुचारु, श्रद्धालु यात्रा से पहले अनिवार्य रूप से कराएं पंजीकरण : आयुक्त

पौड़ी गढ़वाल, 16 जून (वेब वार्ता)। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि उत्तराखंड में संचालित चारधाम यात्रा एवं हेमकुंड साहिब यात्रा वर्तमान में पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री तथा हेमकुंड साहिब के यात्रा मार्गों पर मौसम अनुकूल बना हुआ है और कहीं भी किसी प्रकार की विशेष बाधा की स्थिति नहीं है। प्रशासन सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।

आयुक्त ने देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा पर प्रस्थान करने से पूर्व अपना अनिवार्य पंजीकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके माध्यम से यात्रियों की संख्या, आवाजाही और आवश्यक सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था उपलब्ध है, वहीं विभिन्न स्थानों पर सात पंजीकरण केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रणाली के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षा, निगरानी और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा रही है। इससे प्रशासन को यात्रा संचालन में भी काफी सुविधा मिलती है और आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग संभव हो पाता है।

आयुक्त ने कहा कि उत्तराखंड केवल चारधाम यात्रा का ही केंद्र नहीं है, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण अनेक पर्यटन स्थलों का प्रदेश भी है। उन्होंने श्रद्धालुओं को चारधाम एवं हेमकुंड साहिब के साथ-साथ राज्य के अन्य प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इन स्थलों पर भी प्रशासन द्वारा आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

यात्रियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों एवं एडवाइजरी का पालन अवश्य करें। विशेष रूप से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी आपात स्थिति या मौसम खराब होने की दशा में वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी गई हैं।

आयुक्त ने बताया कि यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर पार्किंग, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, शौचालय और ठहरने की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा पैदल मार्गों और प्रमुख पार्किंग स्थलों पर भी स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और यादगार बनाना है, जिसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं।

Popular Articles