Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

पहली बारिश में खुली तैयारियों की पोल, नालियों की सफाई को लेकर लोनिवि को सौंपा ज्ञापन

पौड़ी गढ़वाल, 19 जून। नगर क्षेत्र पौड़ी में हाल ही में हुई बारिश के बाद विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव और नालियों का पानी सड़कों पर बहने की समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता राकेश गौरशाली ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) पौड़ी के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर शहर की नालियों, कलमटों और स्कबरों की तत्काल सफाई एवं मरम्मत कराने की मांग की है।

ज्ञापन में राकेश गौरशाली ने कहा कि मानसून की पहली ही बारिश ने लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों की तैयारियों की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है। बारिश के दौरान शहर के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर बरसाती पानी नालियों से निकलकर सड़कों पर बहता रहा और दुकानों तक पहुंच गया।

उन्होंने बताया कि कंडोलिया रोड, लक्ष्मीनारायण मार्ग, श्रीनगर रोड, अपर बाजार और लोअर बाजार सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में नालियां, कलमट और स्कबर लंबे समय से बंद पड़े हैं। समय रहते उनकी सफाई और मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके कारण बारिश का पानी सुचारु रूप से निकासी नहीं पा सका और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

गौरशाली ने कहा कि मानसून शुरू होने से करीब दो महीने पहले ही जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जानी चाहिए थी। लेकिन संबंधित विभागों की ओर से इस दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए। परिणामस्वरूप पहली ही बारिश में शहर की व्यवस्थाएं चरमरा गईं और लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर बंद पड़े कलमटों, स्कबरों और नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए, ताकि आगामी मानसून के दौरान किसी प्रकार की बड़ी समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मरम्मत कार्य भी जल्द शुरू किए जाएं।

राकेश गौरशाली ने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के सहयोग से आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की समस्याओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रशासन को जवाबदेह बनाना जरूरी है।

Popular Articles