देहरादून, 18 जून (वेब वार्ता)। पटेलनगर क्षेत्र में एक कोरियर कंपनी के कर्मचारी द्वारा लाखों रुपये के कीमती पार्सल चोरी कर फरार होने का मामला सामने आया है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ब्लू डार्ट एक्सप्रेस के क्षेत्रीय प्रबंधक सौरभ शर्मा, निवासी ब्राह्मणवाला, ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 10 जून को कंपनी का एक डिलीवरी वाहन पटेलनगर से हरिद्वार रोड की ओर पार्सल डिलीवरी के लिए रवाना हुआ था। वाहन में दो कर्मचारी अमरीश और शिवम शुक्ला मौजूद थे।
दोपहर करीब एक बजे जब वाहन दिव्या विहार स्थित राजेश्वरी एन्क्लेव फेज-2 के पास पहुंचा, तो कर्मचारी अमरीश एक शिपमेंट पिकअप करने के लिए वाहन से नीचे उतरा। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर दूसरा कर्मचारी शिवम शुक्ला वाहन में रखे तीन पार्सल लेकर फरार हो गया।
चोरी हुए इन पार्सलों की कुल कीमत लगभग 3 लाख 86 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद कंपनी ने अपने स्तर पर आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। बताया जा रहा है कि उसके दोनों मोबाइल नंबर भी लगातार बंद आ रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी शिवम शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई पटेलनगर प्रमोद शाह ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं ने भी पुष्टि की है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि यह एक संगीन आपराधिक मामला है और फरार कर्मचारी की जल्द गिरफ्तारी के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

