Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में बड़ा खुलासा: तकनीकी मास्टरमाइंड दिल्ली से गिरफ्तार

देहरादून, 18 जून (वेब वार्ता)। अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक से जुड़े बहुचर्चित घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन सॉफ्टवेयर इंजीनियर गणेश जैन को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को देहरादून लाया गया है और आगे की पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 52 वर्षीय गणेश जैन पुत्र महेश चंद, मूल रूप से गुरुग्राम के सेक्टर 99 के निवासी हैं और वर्तमान में देहरादून के चंदरनगर में रहते हैं। आरोपी इस पूरे वित्तीय घोटाले का तकनीकी मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। गिरफ्तारी उस समय हुई जब वह दिल्ली स्थित एक बैंक में आईटी अधिकारी के पद पर कार्यरत था।

शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि गणेश जैन ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक महावीर सिंह और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर बैंक के सॉफ्टवेयर सिस्टम में हेरफेर किया। आरोप है कि फर्जी एंट्री कर करोड़ों रुपये विभिन्न निजी खातों में ट्रांसफर किए गए।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने 20 जेसीबी मशीनों की खरीद के नाम पर बैंक से लगभग 4 करोड़ 80 लाख रुपये का फर्जी लोन स्वीकृत कराया और पूरी राशि हड़प ली।

यह घोटाला वर्ष 2013 से 2016 के बीच हुआ था, जिसका खुलासा बाद में फॉरेंसिक ऑडिट में हुआ। मामले में 15 मई को शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 11 जून को तत्कालीन शाखा प्रबंधक महावीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली में विशेष टीम ने दबिश दी थी, जिसके बाद उसे बुधवार को पकड़ लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस घोटाले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।

यह मामला बैंकिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी और संगठित वित्तीय धोखाधड़ी का गंभीर उदाहरण माना जा रहा है।

Popular Articles