देहरादून, 18 जून (वेब वार्ता)। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को सैनिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष शमशेर सिंह बिष्ट के कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व सैनिकों के कल्याण, उत्थान और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैनिक कल्याण परिषद राज्य में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए कार्यालय की स्थापना से परिषद और पूर्व सैनिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा उनकी समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। इसके साथ ही जनसेवा से जुड़े कार्यों को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और राज्य सरकार उनके सम्मान और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। मंत्री ने शमशेर सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में परिषद और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह परिषद समाज हित और विकास कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी तथा सैनिक समाज की राज्य के विकास में सहभागिता को और मजबूत करेगी।
इस अवसर पर कैंट विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी ज्योति कोटिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया और इसे पूर्व सैनिकों के हित में एक सकारात्मक कदम बताया।
यह कार्यालय भविष्य में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य करेगा।



