हरिद्वार, 19 जून। जनपद में 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए और यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यह अभियान बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि 28 जून को जनपद के सभी बूथों पर पोलियो दिवस मनाया जाएगा, जहां बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य करेंगी, ताकि कोई भी बच्चा छूट न जाए। इस अभियान के तहत जनपद में लगभग 3 लाख 36 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में जिलाधिकारी ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को नजदीकी बूथों तक ले जा सकें और अभियान का पूर्ण लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को मदरसों में अभियान की जानकारी पहुंचाने तथा श्रम एवं खनन विभाग को श्रमिकों और खनन क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों के बच्चों तक पोलियो अभियान की सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी से ही इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और फील्ड स्तर पर प्रभावी कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, सीएमएस रुड़की डॉ. ए.के. मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कोमल, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



