देहरादून, 16 जून (वेब वार्ता)। उत्तराखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गणना फार्मों के वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों और निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने को कहा है।
मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में गणना फार्म वितरण, डिजिटाइजेशन और मतदाता सत्यापन कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न जिलों की प्रगति का आकलन किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में गणना फार्मों का वितरण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में फार्म वितरण कार्य लगभग समाप्ति की ओर है, वहां डिजिटाइजेशन प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए, ताकि अभियान के अगले चरणों को समय पर पूरा किया जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से उन मतदाताओं के सत्यापन पर जोर दिया जो घरों पर अनुपस्थित पाए जा रहे हैं। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) को संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाताओं के सत्यापन के लिए अनिवार्य रूप से तीन बार घर-घर जाकर संपर्क किया जाए, जिससे सही जानकारी एकत्रित की जा सके और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित हो।
उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि जिन क्षेत्रों में फार्म वितरण कार्य पूरा हो चुका है और जहां मतदाता अनुपस्थित मिले हैं, वहां डिजिटाइजेशन के बाद संबंधित सूचियां बूथ लेवल एजेंट्स के साथ साझा की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि एबसेंट (अनुपस्थित), शिफ्टेड (स्थानांतरित), डेथ (मृत) तथा डुप्लीकेट मतदाताओं के मामलों में बीएलओ गणना फार्म पर विस्तृत फील्ड रिपोर्ट दर्ज करें, ताकि रिकॉर्ड पूरी तरह अद्यतन किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारियों को बूथवार समीक्षा करने और धीमी प्रगति वाले मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



