Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

राहुल गांधी के जन्मदिवस पर कांग्रेस ने किया पौधरोपण, 2027 में सरकार बनाने का लिया संकल्प

देहरादून, 19 जून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केक काटकर राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न पौधे रोपे। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि राहुल गांधी देश में लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की आवाज को मजबूती के साथ उठाने वाले नेता हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का राजनीतिक जीवन आम जनता, युवाओं, किसानों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस पर किया गया पौधरोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति कांग्रेस की जिम्मेदारी का प्रतीक है।

डॉ. गोगी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करते रहेंगे और जनता के विश्वास के बल पर वर्ष 2027 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव राजेंद्र भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी का जीवन समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि उनके विचार और संघर्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। कांग्रेस पार्टी जनसरोकारों के मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है और भविष्य में भी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए पार्टी को मजबूत बनाने, जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करने और आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को विजय दिलाने का संकल्प दोहराया। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जनता के विश्वास और सहयोग के बल पर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर उपेंद्र थापली, याकूब सिद्दीकी, राजेश पुंढ़ीर, अमरेंद्र बिष्ट, अनिल बस्नेत, पिया थापा, वीरेंद्र पंवार, सूरज छेत्री, सावित्री थापा, मंजू, प्रशांत खंडूरी, हेमंत उप्रेत, गुल मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Popular Articles