Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को जल्द मिलेगी आउट ऑफ टर्न नौकरी, अगस्त तक अधिसूचना जारी करने के निर्देश

देहरादून, 16 जून (वेब वार्ता)। उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को जल्द ही आउट ऑफ टर्न नौकरी का लाभ मिलने जा रहा है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने खेल विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया तेज करने और अगस्त माह तक अधिसूचना जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर प्रदान करने की यह योजना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में खेल मंत्री ने विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आउट ऑफ टर्न नौकरी की व्यवस्था महत्वपूर्ण कदम है। इससे खिलाड़ियों को खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी और युवा पीढ़ी भी खेलों के प्रति अधिक आकर्षित होगी।

बैठक में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना और उसके संचालन संबंधी तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने के लिए आवश्यक नियुक्तियों और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रथम सत्र में संचालित किए जाने वाले विषयों का चयन पहले ही किया जा चुका है और अब अगले चरण की तैयारियों पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

रेखा आर्या ने जानकारी दी कि लोहाघाट स्थित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और जुलाई माह से वहां पहला शैक्षणिक सत्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह संस्थान राज्य की महिला खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण और शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बैठक में आगामी 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। खेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों के चयन, ट्रायल और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा जल्द तैयार की जाए। इसके लिए विभाग को उत्तराखंड ओलंपिक संघ के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र बैठक आयोजित करने को कहा गया।

इसके अलावा नई खेल नीति के निर्माण तथा राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम स्थापित करने की योजनाओं को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि खेल अधोसंरचना के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। समीक्षा बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, उपनिदेशक शक्ति सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Popular Articles