नूंह, 25 मई (वेब वार्ता)। सदर थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रैस-वे के पास एक कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की है। इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी चालक ने बीयर के बजाय कंटेनर में दवाओं के बिल दिखाए थे।
पुलिस के अनुसार, पुलिस चौकी जयसिंहपुर, थाना सदर नूंह की टीम नूंह-होडल रोड पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रैस-वे फ्लाईओवर के नीचे गश्त पर मौजूद थी इसी दौरान सूचना मिली कि एक कंटेनर में अवैध शराब छिपाकर राजस्थान की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नूंह-होडल रोड स्थित पैप्सी प्लांट के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद बताए गए बंद बॉडी कंटेनर मौके पर पहुंचा। पुलिस नाकाबंदी देखकर चालक ने करीब 20-25 मीटर पहले ही वाहन रोककर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान नूंह के कोटला गांव निवासी आसिफ के रूप में हुई है। कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें 513 पेटी बीयर कैन मार्का टुबर्ग की कुल 12,312 कैन और 140 पेटी बीयर कैन मार्का थंडर बोल्ट कुल 3,360 कैन मिली। इस प्रकार कुल 653 पेटी बीयर और 15,672 कैन बरामद किए गए। जांच के दौरान आरोपी बीयर से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। आरोपी ने पुलिस को आरएन इंटरप्राइजेज और शिवम लॉजिस्टिक के नाम से दवाइयों से संबंधित बिल दिखाए, जिन्हें पुलिस फर्जी दस्तावेज मानकर जांच कर रही है। इस मामले में नूंह सदर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपी अवैध रूप से बीयर की खेप राजस्थान ले जा रहा था । नूंह पुलिस द्वारा यह जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं ? और शराब कहां से लाई गई थी?


