नई दिल्ली, 15 जून (वेब वार्ता)। अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की पुष्टि होने के बाद वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ नजर आया। दुनिया के अधिकांश प्रमुख बाजारों की तरह घरेलू शेयर बाजार में भी आज शुरुआती कारोबार के दौरान जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। हालांकि खुलते ही मुनाफावसूली के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में कुछ नरमी आई, लेकिन जल्द ही खरीदारों की सक्रियता बढ़ने से दोनों सूचकांकों ने फिर रफ्तार पकड़ ली। कारोबार के पहले घंटे के अंत तक सेंसेक्स 1.44 प्रतिशत और निफ्टी 1.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे के दौरान दिग्गज शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। सबसे अधिक बढ़त वाले शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टूब्रो, इंटरग्लोब एवियेशन और टाइटन कंपनी शामिल रहे, जिनमें 7.75 प्रतिशत से 3.95 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर नेस्ले, ओएनजीसी, टेक महिंद्रा, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 3.29 प्रतिशत से 0.71 प्रतिशत तक की कमजोरी के साथ कारोबार करते दिखाई दिए।
बाजार में सक्रिय रूप से कारोबार कर रहे 2,999 शेयरों में से 2,518 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बने हुए थे, जबकि 481 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 शेयर मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि केवल दो शेयर लाल निशान में थे। इसी प्रकार निफ्टी के 50 शेयरों में से 42 शेयर बढ़त में और आठ शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
बीएसई सेंसेक्स आज 1,197.32 अंक की बढ़त के साथ 76,725.27 अंक पर खुला। शुरुआती बिकवाली के कारण यह कुछ समय के लिए 76,524.17 अंक तक फिसला, लेकिन बाद में खरीदारी बढ़ने से इसमें फिर तेजी लौट आई। मजबूत लिवाली के बल पर सेंसेक्स 76,821.07 अंक के उच्च स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद हल्की बिकवाली के चलते इसमें मामूली सुधार देखा गया। सुबह 10:15 बजे तक सेंसेक्स 1,086.51 अंक की बढ़त के साथ 76,614.46 अंक पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई का निफ्टी भी मजबूती के साथ 361.95 अंक उछलकर 23,984.85 अंक पर खुला। शुरुआती मुनाफावसूली के कारण यह पहले 15 मिनट में 23,927.35 अंक तक लुढ़क गया, लेकिन बाद में खरीदारी का दबाव बढ़ने से इसमें फिर तेजी लौट आई। पहले आधे घंटे में ही निफ्टी 24,011.40 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद कुछ बिकवाली होने से इसमें हल्की नरमी आई। सुबह 10:15 बजे तक निफ्टी 317.80 अंक की बढ़त के साथ 23,940.70 अंक पर कारोबार करता नजर आया।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को भी बाजार में मजबूत तेजी दर्ज की गई थी। उस दिन सेंसेक्स 1,695.40 अंक यानी 2.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,527.95 अंक पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 461.30 अंक यानी 1.99 प्रतिशत उछलकर 23,622.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।



