नई दिल्ली, 15 जून (वेब वार्ता)। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की पुष्टि के बाद वैश्विक वित्तीय बाजारों में सकारात्मक माहौल बना हुआ है। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेतों से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है, जिसका असर दुनिया भर के शेयर बाजारों पर देखने को मिल रहा है। अमेरिकी बाजार पिछले कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए, जबकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। यूरोपीय बाजारों में भी खरीदारी का रुख बना रहा और एशियाई बाजारों में चौतरफा तेजी देखने को मिल रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव घटने और होर्मुज जलडमरूमध्य के दोबारा पूरी तरह खुलने की संभावनाओं ने निवेशकों की चिंताओं को कम किया है। इसके अलावा स्पेसएक्स के शेयरों की पहली लिस्टिंग के दौरान आई मजबूत तेजी ने भी अमेरिकी बाजारों के उत्साह को बढ़ाया। इन सकारात्मक कारकों के चलते वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुए।
पिछले कारोबारी सत्र में डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 353.51 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51,202.26 अंक पर बंद हुआ। वहीं एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.50 प्रतिशत मजबूत होकर 7,431.46 अंक पर पहुंच गया। टेक्नोलॉजी शेयरों से जुड़े नैस्डेक इंडेक्स में भी तेजी बनी रही और यह 0.31 प्रतिशत उछलकर 25,888.84 अंक के स्तर पर बंद हुआ। आज डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 436.46 अंक यानी 0.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51,638.72 अंक पर कारोबार करता दिखाई दे रहा है।
यूरोपीय बाजारों में भी निवेशकों का भरोसा मजबूत बना रहा। ब्रिटेन का एफटीएसई इंडेक्स 167.84 अंक यानी 1.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 10,471.72 अंक पर बंद हुआ। फ्रांस का सीएसी इंडेक्स 150.07 अंक यानी 1.80 प्रतिशत मजबूत होकर 8,350.87 अंक तक पहुंच गया। वहीं जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 425.59 अंक यानी 1.73 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,635.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में भी आज खरीदारी का दबदबा बना हुआ है। क्षेत्र के सभी प्रमुख सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 302 अंक यानी 1.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,930.50 अंक पर कारोबार कर रहा है। सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 1.03 प्रतिशत चढ़कर 5,077.44 अंक तक पहुंच गया है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स सबसे अधिक मजबूत दिखाई दे रहा है और 441.80 अंक यानी 5.44 प्रतिशत उछलकर 8,565.42 अंक पर पहुंच गया है।
जापान का निक्केई इंडेक्स भी 3,205.96 अंक यानी 4.86 प्रतिशत की तेजी के साथ 69,226 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 4.12 प्रतिशत, ताइवान वेटेड इंडेक्स 2.70 प्रतिशत, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.92 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 0.48 प्रतिशत और थाईलैंड का सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार करते नजर आ रहे हैं। वैश्विक स्तर पर बने इस सकारात्मक माहौल ने निवेशकों के बीच आशावाद को और मजबूत कर दिया है।



