देहरादून, 15 जुलाई। हरेला पर्व 2026 की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड सरकार ने राज्यव्यापी पौधरोपण अभियान की शुरुआत करते हुए इस वर्ष 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में उद्यान विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क फलदार पौधा वितरण कार्यक्रम में अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
हरेला पर्व पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हरेला केवल उत्तराखंड का पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि यह पर्व लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही हरित उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
11 लाख पौधों के रोपण का रखा गया लक्ष्य
कृषि मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष हरेला पर्व के अवसर पर उद्यान विभाग की ओर से 9 लाख से अधिक फलदार पौधों का रोपण किया गया था। इस बार अभियान का दायरा बढ़ाते हुए कुल 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 10 लाख फलदार पौधों के अलावा 50 हजार चाय के पौधे तथा 50 हजार रेशम विभाग के पौधे लगाए जाएंगे। राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत देहरादून जनपद से की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में संचालित किया जाएगा।
फलदार पौधों पर इसलिए दिया जा रहा विशेष जोर
गणेश जोशी ने कहा कि इस वर्ष अभियान में फलदार पौधों को प्राथमिकता दी गई है। उनका मानना है कि लोग फलदार पौधों से भावनात्मक रूप से जुड़े रहते हैं और उनकी नियमित देखभाल भी करते हैं। इससे पौधों के जीवित रहने की संभावना बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि फलदार पौधे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को पोषण और अतिरिक्त आय का भी स्रोत उपलब्ध कराएंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ जैव विविधता के संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
किसानों और नागरिकों को वितरित किए गए पौधे
उद्यान विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों और आम नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान आम, लीची, अमरूद, नींबू, अनार, कटहल सहित विभिन्न फलदार, सगंध और औषधीय प्रजातियों के पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।
कृषि मंत्री ने लोगों से अपील की कि हरेला पर्व पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और पर्यावरण संतुलित उत्तराखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, उद्यान निदेशक डॉ. आर.के. सिंह, कृषि निदेशक दिनेश कुमार, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग सहित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


