Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

दहेज उत्पीड़न मामले में कार्रवाई, पत्नी को आग लगाने का आरोपित पति दबोचा गया

हरिद्वार, 17 जून (वेब वार्ता)। हरिद्वार पुलिस ने फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दहेज उत्पीड़न और पत्नी को आग लगाकर जान से मारने की कोशिश के मामले में आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली रानीपुर में 24 अप्रैल को सेक्टर-4 बीएचईएल रानीपुर निवासी सलोनी उर्फ अन्नु ने अपने पति बसन्त टपरवाल, ससुर ज्ञानचंद, सास, ननद और नन्दोई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया था कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष लगातार उससे और उसके परिवार से एक क्रेटा कार तथा 10 लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था।

पीड़िता के अनुसार मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता था। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि उसका पति बसन्त टपरवाल उसे कार में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गया और आग लगाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। किसी तरह वह अपनी जान बचाने में सफल रही और बाद में पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रानीपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों का गहनता से परीक्षण किया। साक्ष्य संकलन के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने मुख्य आरोपित बसन्त कुमार पुत्र ज्ञानचंद निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, थाना सिडकुल हरिद्वार की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया।

पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही और आरोपी की तलाश में जुटी रही। आखिरकार पुलिस को सफलता मिली और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपित का चालान कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य नामजद आरोपितों की भूमिका की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles