Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

मुख्यमंत्री धामी ने शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना

अल्मोड़ा, 21 जून:

राजौरी में आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे 5 असम रेजिमेंट के अधिकारी, राज्य सरकार ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा के पांडेखोला स्थित आवास पहुंचकर जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में सैन्य अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त 5 असम रेजिमेंट के अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद अधिकारी के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और अखंडता के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लेफ्टिनेंट गोस्वामी की वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

परिवार को दिया धैर्य और सहयोग का भरोसा

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से बातचीत करते हुए इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ी है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

धामी ने कहा कि देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे वीर सपूत राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं और उनका त्याग सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

राजौरी में अभियान के दौरान दी थी शहादत

गौरतलब है कि 5 असम रेजिमेंट के अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में चलाए गए आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए वीरगति प्राप्त की थी। उनकी शहादत के बाद पार्थिव शरीर को अल्मोड़ा लाया गया, जहां सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री के श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान अल्मोड़ा के मेयर अजय वर्मा, गोविंद सिंह पिलख्वाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पुलिस विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी शहीद अधिकारी को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Popular Articles