हरिद्वार, 21 जून।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास, राज्य में पांच नए योग हब विकसित करने की योजना
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला हरिद्वार की ओर से गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के दयानंद स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के आयुष मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को मानसिक स्थिरता, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है, जिससे वह संतुलित और सफल जीवन की ओर अग्रसर होता है।
तनाव और अवसाद के दौर में योग है प्रभावी समाधान
आयुष मंत्री ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण बढ़ते तनाव, अवसाद और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी प्राकृतिक उपचार प्रणाली के रूप में उभरकर सामने आया है। योग और प्राणायाम के नियमित अभ्यास से न केवल रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, बल्कि मानसिक एकाग्रता बढ़ती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि योग ने विश्वभर में मानवता को जोड़ने का कार्य किया है और भारतीय संस्कृति के मूल मंत्र “वसुधैव कुटुम्बकम्” तथा “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” को वैश्विक पहचान दिलाई है।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान
मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के परिणामस्वरूप अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक मान्यता प्राप्त हुई। आज दुनिया के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग से जुड़कर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड योग, अध्यात्म और साधना की प्राचीन परंपराओं की भूमि है। इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है।
उत्तराखंड में विकसित किए जा रहे पांच नए योग हब
आयुष मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने देश की पहली योग नीति लागू की है। इसके साथ ही प्रदेश में पांच नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं ताकि योग पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं और वेलनेस सेक्टर को नई दिशा मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों में योग सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, जिससे आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।
योग भारत की आत्मा और सनातन संस्कृति की पहचान
भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि योग भारत की आत्मा, हमारी संस्कृति का प्राण और सनातन सभ्यता की शाश्वत चेतना है। उन्होंने कहा कि योग को व्यक्ति से परिवार, परिवार से समाज और समाज से विश्व कल्याण की महायात्रा का माध्यम बनाना समय की आवश्यकता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भारत की ऋषि परंपरा और आध्यात्मिक विरासत के वैश्विक उत्कर्ष का प्रतीक बन चुका है।
कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी ने कहा कि आज योग वैश्विक जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता मिलना भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक विरासत का ऐतिहासिक सम्मान है।
कार्यक्रम में दायित्वधारी (राज्यमंत्री) ओमप्रकाश जमदग्नि, नितिन गौतम, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, प्रदेश मीडिया सहसंयोजक विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, अंतरराष्ट्रीय योगाचार्य विपिन गोलियान, पूजा राठी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



