हरिद्वार, 19 जून। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से राज्य योजना के अंतर्गत लगभग 4.71 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। क्षेत्रीय विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर राज्य सरकार द्वारा इन कार्यों को मंजूरी दी गई है। स्वीकृत परियोजनाओं के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण, डामरीकरण, इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने तथा नाली निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरपालिका शिवालिकनगर की टिहरी विस्थापित कॉलोनी सेक्टर-3 में करीब 98 लाख रुपये की लागत से लगभग तीन किलोमीटर लंबी आंतरिक गलियों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र के निवासियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने के साथ-साथ लंबे समय से जर्जर सड़कों की समस्या से भी राहत मिलेगी।
इसके अतिरिक्त शिवालिकनगर के एस क्लस्टर क्षेत्र में लगभग 85 लाख रुपये की लागत से चार किलोमीटर लंबी आंतरिक सड़कों का हॉटमिक्स डामरीकरण किया जाएगा। इससे क्षेत्र की सड़कें अधिक मजबूत और टिकाऊ बन सकेंगी तथा बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं में भी कमी आएगी।
नगर निगम हरिद्वार के अंतर्गत आने वाले सीतापुर क्षेत्र में लगभग 95 लाख रुपये की लागत से एक किलोमीटर लंबी नाली का निर्माण तथा इंटरलॉकिंग टाइल्स युक्त आंतरिक सड़कों का विकास कार्य किया जाएगा। वहीं सलेमपुर क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में लगभग 93 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण और इंटरलॉकिंग टाइल्स आधारित सड़क निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना और स्थानीय नागरिकों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।
इसके अलावा कृष्णा विहार कॉलोनी (डैन्सो चौक) में लगभग 98 लाख रुपये की लागत से आंतरिक सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इससे कॉलोनी के निवासियों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्रीय आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।
विधायक आदेश चौहान ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति पर केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है और जनता को बेहतर सड़क, जल निकासी तथा स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और रानीपुर विधानसभा के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।



