हरिद्वार, 23 जून।
चारधाम यात्रा, कांवड़ मेला और कुंभ की तैयारियों के बीच प्रशासन का अभियान तेज
मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के मार्गदर्शन में जनपद में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मंगलवार को रेलवे भूमि पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। टीबड़ी रेलवे अंडर ब्रिज (अंबेडकर चौक) के निकट रेलवे की जमीन पर बने अवैध कब्जों को हटाते हुए प्रशासन ने करीब 40 से 45 झुग्गी-झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया।
संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में रेलवे प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान रेलवे भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए अस्थायी ढांचों को हटाया गया।
अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन के अनुसार पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
रेलवे प्रशासन के अनुरोध पर हुई कार्रवाई
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने अपनी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस से सहयोग मांगा था। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त अभियान की योजना बनाई गई और अवैध कब्जों को हटाया गया।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।
बड़े आयोजनों को देखते हुए सख्ती
प्रशासन का कहना है कि वर्तमान में चारधाम यात्रा संचालित है, जबकि आगामी कांवड़ मेला और कुंभ मेला जैसे बड़े धार्मिक आयोजन भी निकट हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और जनसुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए सरकारी भूमि, सड़क किनारों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है।
अधिकारी रहे मौजूद
अभियान के दौरान सीओ सदर एसपी बलूनी, रेलवे डिवीजन इंजीनियर अनूप कुमार, रेलवे सेक्शन इंजीनियर पंकज शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल गुप्ता, पटवारी रविकांत सहित रेलवे, प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

