Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

कोटद्वार में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; दो किशोर संरक्षण में

पौड़ी गढ़वाल, 23 जून।

पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सुलझाया मामला, लाखों रुपये का चोरी का सामान बरामद

कोटद्वार पुलिस ने हाल के दिनों में हुई चोरी की दो बड़ी घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का चोरी का सामान भी बरामद किया है।

बंद मकानों को बनाया था निशाना

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि 19 जून को कोटद्वार निवासी प्रदीप कुकरेती ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 3 जून से घर से बाहर थे। वापस लौटने पर उन्होंने पाया कि उनके घर के दरवाजे खुले हुए थे और अज्ञात चोर घरेलू सामान चोरी कर ले गए थे।

इसके अलावा 21 जून को जल निगम के अधिशासी अभियंता अजय बेलवाल ने शिकायत दी कि जल निगम कॉलोनी स्थित उनके सरकारी आवास का ताला तोड़कर चोरी की गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने तकनीकी और सर्विलांस टीम की मदद ली। जांच के दौरान करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया गया। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुछ संदिग्ध युवकों की गतिविधियां सामने आईं।

इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी निगरानी और लगातार पतारसी-सुरागरसी के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

चार आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर संरक्षण में

पुलिस ने मामले में प्रमिन्द्र उर्फ पप्पी, अमन कुमार, सुरेंद्र उर्फ सनम और तस्लीम अहमद उर्फ काला को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो विधि-विवादित किशोरों को भी संरक्षण में लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी गया लाखों रुपये का सामान बरामद किया गया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस टीम की सक्रियता से मिली सफलता

मामले के खुलासे में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, वेद प्रकाश, विनोद चपराना, मुख्य आरक्षी करण कुमार, कुलदीप कुमार, आशीष बिष्ट, चंद्रपाल और कुलदीप सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Popular Articles