देहरादून, 18 जून (वेब वार्ता)। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 1024 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पहली कार्रवाई रायपुर थाना पुलिस द्वारा की गई। बुधवार रात मिली एक गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पेरिस विहार रोड के पास दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जितेंद्र कुमार उर्फ सनी (39 वर्ष), निवासी खदरी मोहल्ला, सहारनपुर चौक के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 528 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी कार्रवाई बसंत विहार थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम ने इंदिरानगर इलाके में छापेमारी कर एक और नशा तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान दिलशाद (38 वर्ष), निवासी लक्खीबाग के रूप में हुई है। उसके पास से 496 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद हुए हैं।
इस मामले में भी आरोपी के खिलाफ बसंत विहार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों में बरामद कैप्सूलों की सप्लाई चैन और नेटवर्क की जांच की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी नशीले कैप्सूलों की खरीद-फरोख्त में शामिल थे और इन्हें स्थानीय स्तर पर सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये नशीले पदार्थ कहां से लाए जा रहे थे और किन-किन लोगों को सप्लाई किए जाते थे।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

