हरिद्वार, 23 जून।
जिला कार्यालय जगजीतपुर में कार्यकर्ताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि, एकता-अखंडता को बताया उनका सर्वोच्च संदेश
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय जगजीतपुर में सोमवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
डॉ. मुखर्जी राष्ट्र की एकता के प्रतीक: आशुतोष शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले महान राष्ट्रभक्त थे। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने “एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे” का स्पष्ट संदेश दिया था।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने के लिए उनका संघर्ष ऐतिहासिक रहा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प के कारण आज यह धारा इतिहास बन चुकी है, जिससे “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना साकार हुई है।
विचारधारा और बलिदान को बताया प्रेरणा स्रोत
पूर्व विधायक एवं दर्जाधारी राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी मां भारती के सच्चे सपूत और प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल में उद्योग मंत्री के पद का त्याग कर दिया था।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे, जिनका योगदान शिक्षा, उद्योग और राष्ट्रवाद के क्षेत्र में सदैव स्मरणीय रहेगा। कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए उनके संघर्ष और बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने लिया भाग
कार्यक्रम में जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, आशु चौधरी, तरुण नैय्यर, विनीत जोली, अरविंद कुशवाहा, धर्मेंद्र सिंह चौहान, नकली राम सैनी, लक्ष्मण सिंह नागर, सूर्यकांत सैनी, धर्मेंद्र चौधरी, लोकेश पाल, सतीश कुमार, रजनीश चौधरी, सचिन आर्य, राहुल शर्मा, संदीप प्रधान, यादराम वालिया, आकाश चौहान, विकास पावर, पंकज बागड़ी, दीपक गुप्ता, दीपांशु शर्मा और मनन सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और राष्ट्रवादी योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।



