Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

शादी के बाद चमकी अपारशक्ति खुराना की किस्मत, मिलने लगे बड़े प्रोजेक्ट्स

मुंबई, 11 जून। अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने अपने करियर के संघर्षपूर्ण दिनों को याद करते हुए खुलासा किया कि शादी से पहले उन्हें मनोरंजन जगत में काम हासिल करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी थी। हाल ही में वह अपनी पत्नी आकृति खुराना के साथ नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो ‘डबल डेट’ में पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और करियर से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए।

बातचीत के दौरान अपारशक्ति ने बताया कि अभिनेता बनने से पहले वह मुंबई में स्टाइलिस्ट के रूप में काम करते थे। उस समय वह इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि मुंबई शिफ्ट होने और फिल्मी दुनिया में जगह बनाने के लिए उन्होंने कई तरह के काम किए। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में वह टेलरिंग सीखना चाहते हैं और कपड़ों की डिजाइनिंग व सिलाई-कढ़ाई में हाथ आजमाने की इच्छा रखते हैं।

अपारशक्ति ने अपने संघर्ष के दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि शादी से पहले वह रेडियो, दिल्ली हाई कोर्ट और अन्य छोटे-मोटे कामों के साथ-साथ लगातार कास्टिंग डायरेक्टर्स, प्रोडक्शन हाउस और टीवी चैनलों को मैसेज व ईमेल भेजते थे, लेकिन उन्हें कभी कोई जवाब नहीं मिलता था। हालांकि, शादी के बाद हालात अचानक बदल गए।

उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मेरी शादी वाले दिन ही मुझे तीन साल पुराने संदेशों के जवाब मिलने शुरू हो गए। लोगों ने संपर्क कर पूछा कि वे एक होस्ट की तलाश में हैं और क्या मैं उनके साथ काम करना चाहूंगा। पहले मैं ‘लेडी लक’ जैसी बातों पर विश्वास नहीं करता था, लेकिन उस अनुभव ने मेरी सोच बदल दी।”

शो के दौरान माहौल उस समय भावुक हो गया जब अपारशक्ति ने अपने दिवंगत पिता को याद किया। उन्होंने चंडीगढ़ से जुड़ी कई यादें साझा कीं। वहीं अंगद बेदी ने भी अपने पिता और परिवार से जुड़े अनुभवों का जिक्र किया। दोनों कलाकारों की भावनात्मक बातचीत ने एपिसोड को खास बना दिया।

अपनी सादगी, बहुमुखी प्रतिभा और जमीन से जुड़े व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले अपारशक्ति खुराना ने इस बातचीत में अपने जीवन के कई अनछुए पहलुओं को साझा किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

Popular Articles