नैनीताल, 18 जून (वेब वार्ता)। नैनीताल जनपद की भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुर्गा ढोने वाले वाहन की आड़ में की जा रही चरस तस्करी का पर्दाफाश करते हुए 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है। इस कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात जगदीश चंद्र तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में किया जा रहा था।
भीमताल के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट के प्रभारी निरीक्षक पवन स्वरूप के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने खुटानी बैंड के पास, सोना मटन चिकन शॉप के सामने लाल रंग की अल्टो कार (यूके04जी-3379) और उसके पीछे चल रही बोलेरो पिकअप (यूके04सीबी-3477) को संदिग्ध स्थिति में रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पिकअप वाहन से एक व्यक्ति मौके से जंगल की ओर भाग गया। वाहन की जांच में चालक अख्तर हुसैन पुत्र कुर्बान अली, निवासी ब्लॉक रोड मल्लीताल भीमताल के कब्जे से 2.683 किलोग्राम चरस बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने अख्तर हुसैन और विजय बिष्ट पुत्र गंगा सिंह बिष्ट, निवासी ग्राम सूपी, थाना मुक्तेश्वर को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना भीमताल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल तीसरा आरोपी बच्ची राम फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच तेज कर दी गई है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई में उप निरीक्षक महेंद्र राज सिंह, अपर उप निरीक्षक गणेश राणा सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।

