Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

हरिद्वार में खुला उत्तराखंड का पहला ‘हिलांस’ रिटेल आउटलेट, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगा नया बाजार

हरिद्वार, 04 जुलाई। उत्तराखंड में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हरिद्वार में प्रदेश का पहला ‘हिलांस’ रिटेल आउटलेट आम उपभोक्ताओं के लिए शुरू कर दिया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देना, उनकी आय में वृद्धि करना और उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाना है।

यह रिटेल आउटलेट ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से स्थापित किया गया है। शनिवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में रीप की राज्य परियोजना निदेशक झरना कामठान ने इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को संगठित बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल राज्य की महिलाओं के लिए नए अवसर लेकर आएगी।

रिटेल आउटलेट में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न स्थानीय उत्पादों को बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया है। इनमें पारंपरिक खाद्य सामग्री, जैविक उत्पाद, मसाले, मोटे अनाज आधारित खाद्य पदार्थ, हस्तनिर्मित वस्तुएं, पारंपरिक हस्तशिल्प तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े अनेक उत्पाद शामिल हैं। एक ही स्थान पर इन उत्पादों की उपलब्धता से उपभोक्ताओं को स्थानीय और गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं आसानी से मिल सकेंगी, जबकि महिला समूहों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए स्थायी मंच प्राप्त होगा।

झरना कामठान ने कहा कि यह रिटेल आउटलेट केवल एक बिक्री केंद्र नहीं, बल्कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महिलाओं को बाजार, प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के लखपति दीदी अभियान के अंतर्गत बड़ी संख्या में महिलाओं को सफल उद्यमी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ‘हिलांस’ रिटेल आउटलेट इस अभियान को गति देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

झरना कामठान ने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र है। ऐसे में यहां स्थापित यह आउटलेट उत्तराखंड के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को बड़े उपभोक्ता वर्ग तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। इससे न केवल बिक्री बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय उत्पादों की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत होगी।

रीप के जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना ने बताया कि प्रदेश के पहले ‘हिलांस’ रिटेल आउटलेट का संचालन श्रद्धा महिला स्वायत्त सहकारिता द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए नियमित बाजार उपलब्ध होगा, जिससे उनकी आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ महिला उद्यमिता को भी नई दिशा प्रदान करेगी।

Popular Articles