Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

हरिद्वार: ऑपरेशन प्रहार के तहत पिल्ला गैंग का एक और सदस्य गिरफ्तार, फायरिंग में प्रयुक्त तमंचा बरामद

हरिद्वार, 18 जून (वेब वार्ता)। अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पिल्ला गैंग के एक और सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार कनखल पुलिस क्षेत्र में अपराधियों, वांछितों, हिस्ट्रीशीटरों और हुड़दंगियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 जून को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों के साथ हुई कहासुनी के दौरान फायरिंग की घटना में शामिल एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान कुछ युवकों का कांवड़ियों के साथ विवाद हो गया था, जो मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। इसी दौरान की गई फायरिंग में एक कांवड़िया घायल हो गया था। मामले में थाना कनखल में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में सादे कपड़ों में निगरानी शुरू की थी। अब तक इस मामले में कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यम जाट पुत्र जबर सिंह, निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, थाना कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पिल्ला गैंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और पूरे गिरोह को जल्द ही पूरी तरह समाप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Popular Articles