Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

सारा अर्जुन के जन्मदिन पर पिता राज अर्जुन का भावुक संदेश, लिखा—‘तुम मेरी दुनिया हो’

नई दिल्ली, 18 जून (वेब वार्ता)। एक्ट्रेस सारा अर्जुन के जन्मदिन के अवसर पर उनके पिता और अभिनेता राज अर्जुन ने एक बेहद भावुक और दिल को छू लेने वाला नोट लिखकर उन्हें बधाई दी। सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस संदेश में उन्होंने अपनी बेटी के आने के बाद जीवन में आए बदलावों, भावनाओं और गहरे जुड़ाव को बेहद सुंदर शब्दों में व्यक्त किया।

राज अर्जुन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सारा के साथ कुछ खास तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “सारा, मेरी बच्ची… आज तुम्हारी सालगिरह है। जब भी तुम्हारा नाम लिखने बैठता हूं, हर बार कोई नज़्म-सी बनने लगती है। शायद इसलिए कि कुछ नाम सिर्फ नाम नहीं होते, वे एक एहसास, एक दुआ, एक सुकून और एक पूरा आसमान होते हैं।”

उन्होंने आगे अपने भावनात्मक संदेश में लिखा कि सारा के आने से पहले भी जीवन चलता था, दिन गुजरते थे और रातें बीत जाती थीं, लेकिन उसमें वह गहराई और रोशनी नहीं थी जो बाद में आई। उन्होंने लिखा, “सब कुछ था… बस जैसे किसी घर में चराग तो जलता हो, मगर रोशनी न ठहरती हो। फिर तुम आईं और मेरी जिंदगी के बिखरे हुए लम्हों में रौनक उतरने लगी।”

राज अर्जुन ने अपनी बेटी के साथ अपने रिश्ते को शब्दों में बयां करते हुए लिखा कि उनके होने का सुकून ऐसा है जैसे लंबी थकान के बाद किसी पेड़ की छांव मिल जाए या दुआ के बाद दिल पर उतरती हुई खामोशी। उन्होंने कहा कि सारा का अस्तित्व उनके जीवन में एक ऐसी शांति और पूर्णता लेकर आया है, जिसे शब्दों में पूरी तरह व्यक्त करना संभव नहीं है।

अपने संदेश में उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर लोग उनसे पूछते हैं कि जिंदगी ने उन्हें क्या दिया, लेकिन उनके लिए इसका जवाब देना आसान नहीं है। उन्होंने लिखा, “कुछ जवाब अल्फाज में नहीं दिए जाते, बस उन्हें महसूस किया जाता है। मेरे लिए वो जवाब तुम हो।”

राज अर्जुन ने आगे लिखा कि कुछ रिश्ते दुआ से भी आगे निकल जाते हैं और उनके लिए केवल आभार व्यक्त किया जा सकता है। उन्होंने भावुक होकर कहा, “रब का भी, वक्त का भी और उस रहमत का भी जो एक दिन मेरी गोद में उतर आई थी और उसने मेरी जिंदगी के सफ़्हों पर तुम्हारा नाम लिख दिया।”

अपने संदेश के अंत में उन्होंने सारा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “सालगिरह मुबारक, मेरी जान। तुम हो तो मेरी सुबहों में रोशनी है, तुम हो तो मेरी शामों में सुकून है, तुम हो तो मेरी दुआओं में यकीन है और तुम हो तो मेरी दुनिया है।”

सारा अर्जुन भारतीय एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की जानी-मानी युवा अभिनेत्री हैं, जिन्होंने बहुत कम उम्र में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने कई टेलीविजन कमर्शियल और बहुभाषी फिल्मों में काम कर अपनी पहचान बनाई है। हाल ही में वह फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के साथ नजर आईं, जिसे लेकर उन्हें काफी सराहना मिली।

वहीं, उनके पिता राज अर्जुन भी ‘सीक्रेट सुपरस्टार’, ‘थलाइवी’ और ‘शेरशाह’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी के लिए पहचाने जाते हैं।

Popular Articles