Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

हल्द्वानी: जिला न्यायाधीश ने वृद्धाश्रम का दौरा कर बुजुर्गों से की मुलाकात, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

हल्द्वानी, 18 जून (वेब वार्ता)। जिला न्यायाधीश पारुल थपलियाल ने गुरुवार को दमुवाढूंगा स्थित आश्रय सेवा समिति (वृद्धाश्रम परिवार) का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया।

निरीक्षण के दौरान जिला न्यायाधीश ने आश्रम की व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन व्यवस्था तथा आवासीय सुविधाओं की स्थिति को परखा। इसके बाद उन्होंने बुजुर्गों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय बातचीत की और उनके जीवन अनुभवों, समस्याओं तथा दैनिक दिनचर्या के बारे में जानकारी ली।

जिला जज के स्नेहपूर्ण और संवेदनशील व्यवहार से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्ग भावुक और प्रसन्न नजर आए। कई बुजुर्गों ने खुलकर अपनी बात साझा की और उनके आने को अपने लिए एक सकारात्मक अनुभव बताया।

निरीक्षण के दौरान जिला न्यायाधीश ने आश्रय सेवा समिति द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में बुजुर्गों का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे ऐसे सेवा कार्यों में आगे आकर सहयोग करें, जिससे जरूरतमंद बुजुर्गों को बेहतर जीवन मिल सके।

इस अवसर पर आश्रय सेवा समिति के संस्थापक प्रकाश डिमरी ने जिला न्यायाधीश के आगमन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके आने से वृद्धजनों का मनोबल बढ़ा है और संस्था को भी आगे बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है।

कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिवार के सदस्य और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Popular Articles