हरिद्वार, 19 जून। हिंदू क्रांति दल ने ज्वालापुर क्षेत्र में संचालित नॉनवेज दुकानों को निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर नगर निगम के नगर आयुक्त नंदन कुमार को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि यदि आगामी 10 दिनों के भीतर इस संबंध में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में पूर्व में नॉनवेज कारोबार को सराय रोड स्थित एक्कड़ क्षेत्र में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। हिंदू क्रांति दल का कहना है कि स्थानांतरण के लिए लगभग 60 नई दुकानें तैयार हो चुकी हैं, लेकिन उनके उपयोग को लेकर प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं की गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि धर्मनगरी हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में बिना अनुमति के पशुओं का वध किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो रही हैं। संगठन ने मांग की कि नगर निगम और प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी नॉनवेज दुकानों को शीघ्र निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित करें, ताकि क्षेत्र में व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखी जा सके।
हिंदू क्रांति दल के पदाधिकारियों ने कहा कि नगर निगम बोर्ड के निर्णय को लागू करने में हो रही देरी से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए बोर्ड के प्रस्ताव को धरातल पर उतारने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव कैप्टन विपिन जोशी, जिला अध्यक्ष राजेश चौहान उर्फ बक्शी, युवा मोर्चा अध्यक्ष कमल उनियाल, जिला कोषाध्यक्ष विशाल चौहान, राजेंद्र सिंह, अजय थापा सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू किया जाएगा।



