देहरादून, 18 जून (वेब वार्ता)। डालनवाला थाना पुलिस ने स्कूल परिसर से दुपहिया वाहन और मोबाइल फोन चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को चोरी की स्कूटी और मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रशांत बहुखंडी (28 वर्ष), निवासी करनपुर के रूप में हुई है।
इंस्पेक्टर डालनवाला संतोष कुंवर ने बताया कि 17 जून को अजबपुरकलां निवासी रश्मि भट्ट ने सुभाष रोड स्थित ज्ञानंदा स्कूल के पास से अपनी ग्रे रंग की स्कूटी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसी दिन आराघर निवासी महिपाल सिंह ने भी स्कूल परिसर के कार्यालय से अपना सिल्वर रंग का मोबाइल फोन चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आराघर चौकी इंचार्ज नरेंद्र कोटियाल के नेतृत्व में जांच शुरू की। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने मोहिनी रोड तिराहे के पास से संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से चोरी की स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया और गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
डालनवाला पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

