Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

चमोली में सुरक्षा सख्त: इंटरनेट सेवा बंद, आईटीबीपी व पुलिस की भारी तैनाती, चारधाम यात्रा जारी

चमोली, 21 जून।

कर्णप्रयाग-गौचर समेत प्रमुख क्षेत्रों में बैरियर, सीमाओं पर चौकसी बढ़ी; बीएनएस की धारा 163 लागू

जनपद चमोली में हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। रविवार सुबह से जिले में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गईं, जबकि संवेदनशील स्थानों पर आईटीबीपी और पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है। चारधाम यात्रा पूर्व की भांति सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।

कमेड़ा बॉर्डर पर कड़ी निगरानी, बैरियर लगाकर चेकिंग

जनपद के प्रवेश द्वार कमेड़ा पर आईटीबीपी और पुलिस के जवानों की संयुक्त तैनाती की गई है। यहां बैरियर लगाकर हर आने-जाने वाले व्यक्ति और वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क निगरानी बनाए हुए हैं।

कर्णप्रयाग, गौचर, पंचपुलिया, उमा देवी तिराहा और कर्णप्रयाग मुख्य बाजार सहित कई संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

तनाव के बाद प्रशासन सख्त, इंटरनेट सेवा बंद

जानकारी के अनुसार, 16 जून को निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सोशल मीडिया पर सिख समुदाय की ओर से 21 जून को कर्णप्रयाग पहुंचने का कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है।

इसके अलावा बीते शनिवार को नगरासू गुरुद्वारे में हुई घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

बीएनएस की धारा 163 लागू, सीमाओं पर विशेष निगरानी

तहसील प्रशासन ने पूरे परगना क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 लागू कर दी है, जिसके तहत भीड़ एकत्र होने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

चमोली-अल्मोड़ा सीमा क्षेत्र जैसे पाडुंवाखाल, नागचूलाखाल और माईथान में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

आईटीबीपी और पुलिस की संयुक्त तैनाती

गैरसैंण क्षेत्र में चमोली और अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां आईटीबीपी की एक प्लाटून और स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की गई है। कोतवाल मनोज सिरौला के अनुसार, एसडीएम अबरार अहमद और तहसीलदार हरीशचंद्र पांडे सहित प्रशासनिक टीम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में गश्त

पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा और एसडीएम अलकेश नौडियाल लगातार क्षेत्र का दौरा कर स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। सभी प्रमुख चेकपोस्टों और बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा बल गश्त कर रहे हैं।

खुफिया एजेंसियां भी लगातार हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके।

प्रशासन का दावा: स्थिति नियंत्रण में

पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि जनपद की सभी सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा सामान्य रूप से जारी है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

Popular Articles