Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: राज्यपाल गुरमीत सिंह बोले- योग भारत की आत्मा, विश्व कल्याण का माध्यम बने

नैनीताल, 21 जून।

लोक भवन में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम, कुमाऊं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने दी योग की आकर्षक प्रस्तुति

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने रविवार को लोक भवन में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग भारत की आत्मा, हमारी संस्कृति का प्राण और सनातन सभ्यता की शाश्वत चेतना है।

योग को जीवन और समाज से जोड़ने का आह्वान

राज्यपाल ने कहा कि योग को व्यक्ति से परिवार, परिवार से समाज और समाज से विश्व कल्याण की महायात्रा का माध्यम बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भारत की सनातन संस्कृति, ऋषि परंपरा और आध्यात्मिक चेतना के वैश्विक उत्कर्ष का महापर्व है, जिसे आज पूरी दुनिया सम्मान की दृष्टि से देख रही है।

उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा ने मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन, शांति और आत्मबोध का मार्ग दिखाया है। योग शरीर, मन, बुद्धि, आत्मा और परमात्मा के दिव्य मिलन का सेतु है तथा यह संतुलित और सार्थक जीवन का वैज्ञानिक आधार भी प्रदान करता है।

उत्तराखंड की योग और ध्यान परंपरा पर प्रकाश

राज्यपाल ने कहा कि हिमालय की तपोभूमि उत्तराखंड प्राचीन काल से योग, ध्यान और आध्यात्मिक साधना का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां की परंपराओं और ज्ञान ने मानवता को आत्मोन्नति की दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता मिलना भारत की सांस्कृतिक शक्ति और वैश्विक प्रभाव का सम्मान है।

पर्यावरण और संतुलित जीवन का संदेश

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि योग न केवल स्वास्थ्य का साधन है, बल्कि यह प्रकृति के साथ सामंजस्य, संयमित जीवन और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है। यह ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ की भावना को व्यवहारिक रूप में साकार करता है।

उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने जीवन का संस्कार, परिवार की परंपरा और राष्ट्र निर्माण का आधार बनाने का आह्वान किया।

योगाभ्यास और सांस्कृतिक प्रस्तुति

कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं विश्वविद्यालय के योग विभाग के विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास और लयबद्ध योग की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

इस अवसर पर परिसहाय राज्यपाल अमित श्रीवास्तव, सुमित कुमार शादिजा, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, कंट्रोलर प्रमोद चमोली सहित लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Popular Articles