उत्तरकाशी, 21 जून।
भारी हिमपात और कठिन मौसम के बावजूद एवरेस्ट विजेता प्रवीण राणा सहित दल ने दिखाया साहस, ‘स्वच्छ और सुरक्षित हिमालय’ थीम पर किया अभियान
जनपद उत्तरकाशी के नौ सदस्यीय पर्वतारोहण दल ने गंगोत्री ग्लेशियर क्षेत्र में स्थित 23,211 फीट ऊंची सतोपंथ चोटी का सफलतापूर्वक आरोहण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह अभियान बीते बृहस्पतिवार सुबह 9:30 बजे सफल हुआ, हालांकि कठिन मौसम और भारी हिमपात के कारण दल को कई बार अभियान रोकना पड़ा।
मौसम की चुनौती के बीच अभियान जारी रहा
जानकारी के अनुसार, पर्वतारोही दल ने 31 मई को ‘स्वच्छ और सुरक्षित हिमालय’ थीम के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद 1 जून को गंगोत्री से सतोपंथ चोटी के लिए प्रस्थान किया गया। दल में एवरेस्ट विजेता प्रवीण राणा सहित मुनेन्द्र राणा, नवीन पंवार, नवीन गुसाईं, पवनेश राणा, रतन सिंह नेगी, आजाद सिंह राणा, सचिन लामा और चित्रेश्वरी राजपूत शामिल थे।
भारी हिमपात के कारण कई बार रोका गया अभियान
पर्वतारोहण के दौरान 7 और 8 जून को भारी हिमपात के कारण दल को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। 12 जून को दल सबमिट कैंप तक पहुंचा, लेकिन लगातार खराब मौसम और बर्फबारी के चलते उन्हें कैंप वन वापस लौटना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए दल ने अभियान को अस्थायी रूप से रोककर चार दिनों तक मौसम के अनुकूल होने का इंतजार किया।
कठिन परिस्थितियों में भी नहीं टूटा हौसला
दल के सदस्य प्रवीण राणा ने बताया कि कई बार अभियान समाप्त करने और वापस लौटने पर भी विचार किया गया, लेकिन माइनस डिग्री तापमान और कठिन परिस्थितियों के बावजूद पर्वतारोहियों ने हार नहीं मानी। उन्होंने कहा कि हिमालयी मौसम के बदलते मिजाज के बीच धैर्य और तैयारी ही सफलता की कुंजी रही।
मौसम खुलते ही फिर शुरू हुआ अभियान
17 जून को मौसम में सुधार होते ही दल ने पुनः अभियान शुरू किया और बृहस्पतिवार को सतोपंथ चोटी पर सफलतापूर्वक आरोहण किया। यह उपलब्धि कठिन हिमालयी परिस्थितियों में टीमवर्क और दृढ़ संकल्प का उदाहरण मानी जा रही है।
गंगोत्री धाम लौटा दल
सफल आरोहण के बाद पर्वतारोहण दल शनिवार को सुरक्षित रूप से गंगोत्री धाम लौट आया। इस उपलब्धि को उत्तरकाशी पर्वतारोहण इतिहास में एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है, जिसने ‘स्वच्छ और सुरक्षित हिमालय’ अभियान को भी मजबूती प्रदान की है।

